मधुबनी: जिले की पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंधराठाढ़ी और बाबूबरही थाना क्षेत्रों में सक्रिय एक शातिर चोर गिरोह (Madhubani thief gang arrested) का भंडाफोड़ करते हुए कुल 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के पास से पुलिस ने न केवल चोरी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बल्कि भारी मात्रा में पीतल के कीमती बर्तन भी बरामद किए हैं।

गृहभेदन की घटनाओं से दहशत में थे ग्रामीण:
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मधुबनी के झंझारपुर अनुमंडल अंतर्गत अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से लगातार चोरी और गृहभेदन (घर में घुसकर चोरी) की घटनाएं हो रही थीं। विशेष रूप से 14 दिसंबर और 17 दिसंबर 2025 को बाबूबरही थाना क्षेत्र के ग्राम-बेला और ग्राम-पिपरा रामपुर टोल में हुई बड़ी चोरियों ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी थी। इन घटनाओं में चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया था।
विशेष टीम ने बिछाया जाल, ऐसे हत्थे चढ़े अपराधी:
बढ़ती वारदातों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देशानुसार झंझारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर टीम ने अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से 7 अभियुक्तों को चोरी के सामान के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सभी ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में अंधराठाढ़ी और बाबूबरही क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
बरामद सामान की सूची (मुख्य अंश):
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- इलेक्ट्रॉनिक सामान: 1 बैटरी (टेम्पो की), 4 माइक, 1 यूनिट स्पीकर, 3 माइक वायर, 3 बाजा बजाने वाली मशीन और 1 पानी का मोटर।
- पीतल के बर्तन (करीब 50 पीस): 12 पीतल के लोटा, 10 थाली, 6 कटोरा, 5 तशला, 5 कठौत, 3 गिलास, 3 कराही, 2 करछुल और 2 छोलनी।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
- अनुज कुमार झा (पिता- शैलेंद्र झा, गनौली, अंधराठाढ़ी)
- शिवम कुमार (पिता- शुभनारायण मिश्र, नवनगर, बाबूबरही)
- शिवशंकर यादव (पिता- कपिलदेव यादव, बाड़ाघात, खुटौना)
- दिपक साह (पिता- विनोद साह, बाबूबरही)
- मुकेश कुमार (पिता- विनोद साह, बाबूबरही)
- अखलाकुर रहमान (पिता- जियाउर रहमान, अंधरा, अंधराठाढ़ी)
- गोपाल कुमार गोसाई (पिता- स्व० बहादुर गोसाई, बाबूबरही)
पुलिस की आगे की कार्रवाई:
मधुबनी पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। विशेष टीम अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा बेचे गए अन्य चोरी के सामानों की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी
[…] में Bhoomi News Live की रिपोर्ट में भी PHED झांझरपुर प्रमंडल […]