
पटना/मुंगेर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुंगेर पुलिस की एक विशेष टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी को गुजरात के साणंद से धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बिहार के बांका जिले के रहने वाले शेखर यादव के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शेखर यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सीधे फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। सूबे के मुखिया को धमकी मिलने की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और उस मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर डाला जिससे कॉल आई थी।
गुजरात में छिपा था आरोपी
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बिहार से बाहर गुजरात में छिपा हुआ है। मुंगेर पुलिस की स्पेशल टीम तुरंत गुजरात रवाना हुई और स्थानीय पुलिस की मदद से साणंद इलाके में छापेमारी कर शेखर यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल धमकी देने के लिए किया गया था।
ट्रांजिट रिमांड पर लाया जा रहा बिहार
मुंगेर पुलिस आरोपी को गुजरात की स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिहार आ रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बिहार पहुँचने के बाद आरोपी से कड़ी पूछताछ की जाएगी।
पूछताछ में होंगे बड़े खुलासे
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर शेखर यादव ने मुख्यमंत्री को धमकी क्यों दी? इसके पीछे उसकी कोई निजी खुन्नस थी या वह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है? मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण एजेंसियां हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं।