
लौकही/मधुबनी: बिहार की राजनीति और समाजवाद के एक समर्पित सिपाही, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के संस्थापक सदस्य और मधुबनी के प्रथम जिला अध्यक्ष विनोद कुमार गोईत (यादव) अब हमारे बीच नहीं रहे। शुक्रवार को पटना के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस लेने के बाद, कल उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे मिथिलांचल में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
विनोद बाबू के निधन के बाद आज उनके पैतृक निवास लौकही प्रखंड अंतर्गत सोनवर्षा गांव में श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।
- पूर्व आपदा मंत्री लक्ष्मेश्वर राय: पूर्व मंत्री सह राजद नेता लक्ष्मेश्वर राय ने परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विनोद बाबू का जाना राजद परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है और ईश्वर परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।
- पूर्व विधायक भारत भूषण मंडल: लौकहा विधानसभा के पूर्व विधायक भारत भूषण मंडल भी अंतिम यात्रा में शामिल होने पहुँचे। उन्होंने विनोद बाबू को याद करते हुए भावुक स्वर में कहा, “विनोद गोईत जी राजद के एक सच्चे और निष्ठावान सिपाही थे। पार्टी चाहे कितने भी कठिन दौर से गुजरी हो या कितनी भी कमजोर स्थिति में रही हो, उन्होंने कभी पार्टी का दामन नहीं छोड़ा। उनका समर्पण नए कार्यकर्ताओं के लिए मिसाल रहेगा।”
संघर्षों से भरा रहा राजनीतिक सफर
2 अप्रैल 1956 को जन्मे विनोद कुमार गोईत एक प्रतिष्ठित जमींदार परिवार से थे। उनके पिता स्वर्गीय राजदेव गोईत थे और वे लौकहा के पूर्व विधायक कुलदेव गोईत के भतीजे थे।
- शिक्षा: वे पटना साइंस कॉलेज के छात्र रहे और B.Sc. जूलॉजी ऑनर्स की डिग्री ली।
- क्रांतिकारी जीवन: 1974 के जेपी आंदोलन के दौरान सक्रियता के कारण वे ‘मीसा’ के निशाने पर रहे और नेपाल में रहकर आंदोलन की लौ जलाए रखी।
- लालू यादव के विश्वसनीय: राजद की स्थापना के समय से ही वे लालू प्रसाद यादव के बेहद करीब रहे। वर्तमान में वे प्रदेश राजकीय कार्यकारिणी सदस्य और ‘घोषिण मंच भारत-नेपाल‘ के मुख्य सभापति थे।

सोनबर्षा में हुआ अंतिम संस्कार
कल शाम 3:00 बजे मधुबनी के सोनबर्षा में हजारों की संख्या में समर्थकों, परिजनों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उपस्थित जनसमूह ने नम आँखों से “विनोद बाबू अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।